Call Us Now: (+91)
3
Latest Updates Notifications

Cart

Your cart is currently empty.

Sub Total: 0.00

Student Exposure Visit Belsonda 26.09.2026

  • Home
  • Student Exposure Visit Belsonda 26.09.2026

Student Exposure Visit Belsonda 26.09.2026

One District – One Student Tour – One Best Practice

शासकीय पॉलीटेक्निक महासमुंद के विद्यार्थियों ने किया बेलसोंडा में जल जीवन मिशन की जल प्रदाय योजना का एक्सपोजर विजिट

Student Exposure Visit • ग्राम बेलसोंडा • जल जीवन मिशन

दिनांक: 26.09.2026

एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य एवं प्रथम चरण

जल जीवन मिशन के “One District – One Student Tour – One Best Practice” थीम के तहत महासमुंद जिले से चिह्नित शासकीय पॉलीटेक्निक महासमुंद के 30 विद्यार्थियों को जल जीवन मिशन की विभिन्न गतिविधियों, ग्राम स्तर पर क्रियान्वित ग्रामीण जलप्रदाय योजना तथा उसके अंतर्गत किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराने के उद्देश्य से दिनांक 26.09.2026 को स्टूडेंट एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम ग्राम बेलसोंडा में आयोजित किया गया।

यह भ्रमण कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए केवल एक शैक्षणिक यात्रा ही नहीं था, बल्कि जल जीवन मिशन की गतिविधियों एवं ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को करीब से समझने और उसके तकनीकी एवं सामुदायिक पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव करने का अवसर भी बना।

भ्रमण के प्रथम चरण में: विद्यार्थियों ने ग्राम बेलसोंडा में जल जीवन मिशन अंतर्गत क्रियान्वित रेट्रोफिटिंग योजना का निरीक्षण किया। योजना के जल स्रोत से लेकर 75 किलोलीटर क्षमता के उच्चस्तरीय जलागार, क्लोरीनेशन मशीन, पाइपलाइन नेटवर्क एवं घरेलू नल कनेक्शन सहित संपूर्ण योजना के संचालन की गतिविधियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और समझा।

सर्वप्रथम तकनीकी विशेषज्ञों के द्वारा विद्यार्थियों को योजना के रूपांकन से लेकर स्वीकृति एवं क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों से अवगत कराया गया। तत्पश्चात योजना के निरीक्षण के दौरान उन्हें स्रोत से उच्चस्तरीय जलागार तक पेयजल की पंपिंग, उच्चस्तरीय जलागार में पेयजल भंडारण, इलेक्ट्रोक्लोरीनेटर के माध्यम से क्लोरीनेशन एवं वितरण प्रणाली में वाल्व ऑपरेशन के माध्यम से प्रत्येक घर में बने घरेलू नल कनेक्शन तक पेयजल वितरण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

विद्यार्थियों के द्वारा श्रीमती इंदु यादव और श्रीमती अमृता सेन के घर में बने कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन का निरीक्षण किया गया।

जल संरक्षण, गुणवत्ता निगरानी एवं सामुदायिक भागीदारी

तत्पश्चात पंचायत भवन में ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती प्रीति बाई धीवर की उपस्थिति में फील्ड टेस्ट किट (FTK) के माध्यम से पेयजल गुणवत्ता निगरानी सहित जल संरक्षण एवं स्रोत स्थायित्व हेतु पंचायत द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रदान की गई।

सरपंच के द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम की पांच महिलाओं — श्रीमती कुंती चंद्राकर, श्रीमती मधुसाहू, श्रीमती सुलोचनी यादव, श्रीमती सीता सोनी और श्रीमती देवकी देवांगन — को जल बहिनी के रूप में प्रशिक्षित किया गया है एवं इन्हीं के द्वारा घर के नलों और गांव के हैंडपंपों से जल नमूना लेकर FTK के माध्यम से आयरन, फ्लोराइड, नाइट्रेट जैसे 12 पैरामीटर्स में पेयजल गुणवत्ता की जांच की जाती है।

इस प्रकार जल जीवन मिशन ग्रामीण महिलाओं को जल गुणवत्ता की निगरानी करने के साथ ही सामुदायिक नेतृत्व का अवसर भी प्रदान कर रहा है।

विद्यार्थियों को यह भी अवगत कराया गया कि पेयजल योजना की वास्तविक सफलता योजना क्रियान्वयन के पश्चात उसके नियमित संचालन और रखरखाव पर निर्भर करता है। सरपंच के द्वारा बताया गया कि दिनांक 06.02.2024 को जलापूर्ति योजना का हस्तांतरण लेने के बाद से सामुदायिक सहभागिता से निरंतर योजना का संचालन-संधारण किया जा रहा है।

योजना की जलागार क्षमता
75 किलोलीटर
प्रशिक्षित जल बहिनी
5 महिलाएं
मासिक जल-कर
₹100 / परिवार

योजना को नियमित रूप से चालू-बंद करने हेतु श्री होरीलाल धीवर को नलजल ऑपरेटर के रूप में चिन्हांकित किया गया है। पेयजल प्रबंधन में समुदाय की भूमिका सुनिश्चित करने के लिए ₹100 प्रति माह प्रति परिवार जल-कर की वसूली की जाती है, जिससे ऑपरेटर का पारिश्रमिक, विद्युत देयक एवं अन्य खर्चों का भुगतान किया जाता है। ग्राम बेलसोंडा में संचालन-संधारण की इस व्यवस्था को ‘चिन्हित उत्कृष्ट कार्य’ के रूप में विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

द्वितीय चरण: जिला स्तरीय जल परीक्षण प्रयोगशाला

द्वितीय चरण में विद्यार्थियों को एनएबीएल मान्यता प्राप्त जिला स्तरीय जल परीक्षण प्रयोगशाला का भ्रमण कराया गया। प्रयोगशाला में विशेषज्ञों ने रासायनिक और जैविक मानकों सहित 17 पैरामीटर्स पर पेयजल की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

विद्यार्थियों ने सैंपलिंग की पद्धति, परीक्षण में उपयोग होने वाले रसायन एवं उपकरण और वैज्ञानिक परीक्षण पद्धति को प्रत्यक्ष रूप से देखा और समझा। पेयजल गुणवत्ता के परीक्षण से सीखा कि सुरक्षित पेयजल आपूर्ति से जल-जिनित बीमारियों की रोकथाम की जा सकती है।

विद्यार्थी का अनुभव

इस एक्सपोजर विजिट के बाद हमारे लिए पेयजल प्रबंधन केवल एक विषय न होकर ग्रामीण जीवन, स्वास्थ्य, तकनीक और सामुदायिक उत्तरदायित्व से जुड़ा एक प्रत्यक्ष अनुभव बन गया है। इस स्टूडेंट एक्सपोजर विजिट ने हम सभी विद्यार्थियों को ग्रामीण पेयजल आपूर्ति की जमीनी कार्य प्रणाली से परिचित कराने के साथ-साथ जल संरक्षण, पेयजल गुणवत्ता, सामुदायिक सहभागिता और जलप्रदाय योजनाओं के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित किया है।

— तोषकुमारी दीवान, तृतीय सेमेस्टर, सिविल इंजीनियरिंग

इस प्रकार स्टूडेंट एक्सपोजर विजिट में गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक महासमुंद के विद्यार्थियों ने इंजीनियरिंग की कक्षा में पढ़ी जल वितरण और प्रबंधन की अवधारणाओं को प्रत्यक्ष रूप से धरातल पर क्रियान्वित होते देखा और समझा। उन्होंने जल स्रोत से लेकर घर तक पानी पहुंचाने के विभिन्न चरणों की जानकारी, जल परीक्षण की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी, योजना के संचालन-संधारण की प्रक्रिया और ग्राम पंचायत एवं वीडब्ल्यूएससी की भूमिका सहित योजना के सफल क्रियान्वयन एवं जल संरक्षण में समुदाय की भूमिका को प्रत्यक्ष रूप से देखा और अनुभव किया।

ग्राम बेलसोंडा में शासकीय पॉलीटेक्निक महासमुंद के विद्यार्थियों का स्टूडेंट एक्सपोजर विजिट अत्यंत सफल एवं ज्ञानवर्धक रहा।

चिह्नित उत्कृष्ट कार्य (Best Practice)

ग्राम बेलसोंडा में जलापूर्ति योजना का उत्कृष्ट संचालन और संधारण

जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत बेलसोंडा रेट्रोफिटिंग योजना के समस्त अवयवों के कार्य पूर्ण कर दिनांक 06.02.2024 को जल-सभा का आयोजन कर ग्राम बेलसोंडा को “हर-घर-जल ग्राम” घोषित किया गया। इसके साथ ही योजना को विधिवत रूप से ग्राम पंचायत बेलसोंडा को हस्तांतरित किया गया अर्थात योजना के संचालन, रखरखाव और वित्तीय प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी आधिकारिक रूप से ग्राम पंचायत को सौंप दी गई।

क्रियान्वित जलापूर्ति योजना के संचालन और संधारण (Operation and Maintenance) को दीर्घकालिक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जल कर/उपयोगकर्ता शुल्क का संग्रह एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। ग्राम बेलसोंडा के लोगों ने अपनी एकजुटता और सूझबूझ से गाँव की जल आपूर्ति प्रणाली का प्रबंधन और संचालन-संधारण की एक बेहतरीन मिसाल पेश की है।

संचालन-संधारण व्यवस्था के प्रमुख बिंदु

  • मिशन के दिशा-निर्देशों के तहत जल आपूर्ति और कर संग्रह की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत तथा ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) की होती है। बेलसोंडा समिति में 50% महिलाओं को शामिल किया गया है, क्योंकि जल संकट और प्रबंधन से सबसे अधिक वही प्रभावित होती हैं।
  • ग्राम सभा की बैठक में ग्रामवासियों को यह समझाया गया कि जब ग्रामीण परिवार जल-कर के रूप में अपना योगदान देते हैं, तो उनमें इस सरकारी बुनियादी ढांचे के प्रति स्वामित्व (Ownership) की भावना पैदा होती है, जिससे पानी की बर्बादी कम होती है। चर्चा के बाद जलापूर्ति योजना के रखरखाव, बिजली बिल, ऑपरेटर के वेतन और छोटे-मोटे सुधारों के लिए हर परिवार से ₹100 मासिक जल-कर वसूली का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
  • बेहद गरीब परिवारों को नकद राशि के स्थान पर श्रमदान करने की छूट दी गई है। सार्वजनिक या अस्थायी उपयोग (जैसे विवाह, सामाजिक कार्यक्रम आदि) के लिए प्रति टैंकर शुल्क ₹1,000 तय किया गया है। नए नल कनेक्शन के लिए ₹200 (मासिक कर का दोगुना) अग्रिम सुरक्षा निधि और कनेक्शन शुल्क के रूप में लिया जाता है।
  • जल-कर की वसूली हेतु ग्राम जल स्वच्छता समिति के सदस्य श्री राजेश्वर चंद्राकर (पंच) को चिन्हांकित किया गया है। वसूल की गई जल-कर की पूरी राशि सरपंच और पंचायत सचिव के संयुक्त हस्ताक्षरों से संचालित होने वाले एक समर्पित बैंक खाते में जमा की जाती है। इसका उपयोग केवल बिजली, मानदेय और मरम्मत के लिए किया जाता है। समिति निर्धारित प्रारूप में वसूल की गई जल-कर की राशि, पानी के बिलों के संग्रह और खर्चों का पूरा हिसाब ग्राम सभा के सामने रखती है।
  • योजना को नुकसान से बचाने और नियमित भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सख्त प्रावधान भी किए गए हैं। पानी की बर्बादी या अवैध मोटर/पंप लगाने पर दैनिक शुल्क का 10 गुना जुर्माना और 48 घंटे का नोटिस देकर कनेक्शन काटा जा सकता है। लगातार 3 महीने तक जल-कर नहीं चुकाने पर भी नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है।
  • पानी की कमी, बिल या तकनीकी खराबी से जुड़ी शिकायतों का समाधान पंचायत सचिव द्वारा अधिकतम 3 दिनों के भीतर किया जाता है। समाधान न होने पर मामला जनपद पंचायत स्तर पर भेजा जा सकता है।

प्रमुख उपलब्धियां एवं प्रभाव

ग्राम बेलसोंडा में जलापूर्ति योजना के नियमित संचालन और संधारण सुनिश्चित करने से हर घर में निर्धारित गुणवत्ता और पर्याप्त मात्रा में निरंतर पेयजल मिल रहा है, जिससे जल-जनित बीमारियों (जैसे हैजा, डायरिया) का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। लंबे समय तक बिना रुकावट के योजना के संचालन से बार-बार होने वाली टूट-फूट और महंगी मरम्मत की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है।

ग्राम पंचायत और ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के माध्यम से पेयजल प्रबंधन होने से स्थानीय स्तर पर जवाबदेही तय किया गया है। जल-कर की नियमित वसूली से ग्रामवासियों के मन में योजना के प्रति अपनत्व की भावना एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना का विकास हुआ है। जल के विवेकपूर्ण उपयोग एवं जल स्रोतों के संरक्षण प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है। महिलाओं की भागीदारी ने पेयजल के वितरण को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया है।

ग्राम बेलसोंडा में जल जीवन मिशन की यह सफलता दर्शाती है कि सामुदायिक सहभागिता से ‘हर घर जल’ का सपना न सिर्फ पूरा हो सकता है, बल्कि हमेशा के लिए टिकाऊ भी बन जाती है। गाँव ने सरकारी योजना को अपनी जिम्मेदारी मानकर सामुदायिक सहभागिता की भावना से उसे हमेशा के लिए जीवंत बना दिया।

स्थानीय समुदाय के द्वारा “हमारा नल, हमारा जल, हमारी जिम्मेदारी” की भावना से जलापूर्ति योजना की पूरी जिम्मेदारी स्वयं लेते हुए योजना का निरंतर संचालन और संधारण किया जा रहा है।

ग्राम बेलसोंडा में जलापूर्ति योजना का उत्कृष्ट संचालन और संधारण पूरे क्षेत्र के लिए रोल मॉडल है।

One District – One Student Tour – One Best Practice
ग्राम बेलसोंडा | जल जीवन मिशन | दिनांक 26.09.2026
Tags:
Share Article:

admin

Government Polytechnic Mahasamund offers industry-oriented diploma education in Civil, Computer Science, Electrical, and Mechanical Engineering. The institute focuses on practical training, technical knowledge, and skill development to prepare students for employment, higher education, and lifelong learning.

© 2026 All Rights Reserved